रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने कल रात कई क्षेत्रों में यूक्रेन के लगभग 900 ड्रोन को नष्ट किए है। इनमें कब्ज़े वाला क्रीमिया प्रायद्वीप और आज़ोव सागर का इलाका शामिल है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि रात भर में 650 ड्रोन ने मॉस्को इलाके को निशाना बनाया। इनमें से 105 ड्रोन को राजधानी के पास रोका गया। उन्होंने बताया कि दिन में 68 और ड्रोन गिराए गए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा इलाके में भी ठिकानों पर हमला किया, जिसमें गोला-बारूद का डिपो और बंदरगाह बुनियादी ढांचा शामिल है।
यूक्रेन ने रूस की तेल रिफाइनरियों और ईंधन डिपो पर हमला करने के लिए देश में बने लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल तेज़ी से बढ़ाया है। इसके जवाब में रूस ने यूक्रेन के शहरों और बुनियादी ढांचे पर हमले तेज़ कर दिए हैं। ज़ापोरिज्जिया में, रात में हुए एक हमले में एक रिहायशी इमारत में पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक अन्य हमले में एक पुल को नुकसान पहुंचा है।