नवम्बर 9, 2026 8:46 अपराह्न

printer

रूस-यूक्रेन युद्ध: अमरीका की मध्यस्थता में होने वाली नई वार्ता से पहले बिजली ग्रिड और तेल रिफाइनरी पर हमला

रूस ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड को फिर से क्षतिग्रस्त कर दिया और वहीं, यूक्रेन की सेना ने रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी में से एक पर हमला किया। यह घटना दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच चल रहे संकट को समाप्त करने के लिए अमरीका की मध्यस्थता में होने वाली नई वार्ता से कुछ घंटे पहले हुई। यह दो दिवसीय नई वार्ता कल से अबू धाबी में होगी, जो फरवरी के बाद इन देशों की पहली बैठक होगी।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने आज कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की टीम ने दो दिवसीय चर्चा के एजेंडे में न केवल रूस और यूक्रेन बल्कि एक व्यापक क्षेत्र को कवर करने वाली सामूहिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

दोनों पक्षों द्वारा जारी शत्रुता और तेज मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच, सुरक्षा गारंटी चर्चाओं का प्रमुख विषय रहने की उम्मीद है। रूस यूक्रेन से क्षेत्रीय रियायतें और नाटो सदस्यता की अपनी मांग को समाप्त करने की मांग कर रहा है। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इन शर्तों को खारिज करते हुए युद्धविराम और भविष्य में होने वाले आक्रमण के खिलाफ ठोस सुरक्षा गारंटी पर जोर दिया।

अमरीका सभी पक्षों की सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए व्यावहारिक व्यवस्थाओं की तलाश कर रहा है। इस बीच, यूरोपीय देशों की भागीदारी विवादित बनी हुई है, जबकि रूस इस चरण में अपनी भागीदारी का विरोध कर रहा है।

पांच वर्षों से चल रहे इस संघर्ष में दोनों देश आपस में उलझे हुए हैं और ऐसा कोई संकेत नहीं है कि कोई भी पक्ष अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने पिछले रविवार को प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा कि रूस और यूक्रेन एक समझौते के बेहद करीब हैं।