सितम्बर 19, 2026 11:56 पूर्वाह्न

printer

रूस ने यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के लिए देश में प्रवेश पर रोक वाली सूची में और लोगों के नाम शामिल किये

रूस ने यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के लिए देश में प्रवेश पर रोक वाली सूची में और लोगों के नाम शामिल किये हैं। 23 जुलाई को यूरोपीय संघ द्वारा रूस के खिलाफ़ 21वीं बार  प्रतिबंधों का दायरा बढाए जाने के बाद रूस ने यह कदम उठाया है। रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यूरोपीय संघ के गैर-कानूनी निर्णयों के जवाब में यूरोपीय संस्थानों, यूरोपीय संघ सदस्य देशों और रूस-विरोधी नीति का समर्थन करने वाले कई यूरोपीय देशों के प्रतिनिधियों की प्रतिबंध सूची में और लोगों को डाला गया है।

इन लोगों के देश में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि इस सूची में वे लोग शामिल हैं जो यूक्रेन को सैन्य सहायता देने, रूस की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने वाली गतिविधियों में शामिल होने, रूस-विरोधी प्रतिबंध लगाने, विकासशील देशों के साथ रूस के संबंधों को नुकसान पहुंचाने और रूसी समुद्री परिवहन में बाधा डालने जैसे फैसलों में शामिल रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि रूस के प्रति शत्रुतापूर्ण व्‍यवहार रखने वाले यूरोपीय देशों के नागरिक कार्यकर्ताओं और शैक्षणिक समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ यूरोपीय संघ सदस्य देशों की राष्ट्रीय संसदों और यूरोपीय संसद के उन सदस्यों के खिलाफ़ भी प्रतिबंधात्मक उपाय किए गए हैं, जिन्होंने रूस-विरोधी प्रस्तावों और कानूनों के मसौदे के पक्ष में मतदान किया था।

इस बीच, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि रूस ने जापान से अपने क्षेत्र से अमरीकी टाइफून प्रणाली हटाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि जापानी क्षेत्र में किसी भी कारण से टाइफून प्रक्षेपण प्रणाली की तैनाती स्वीकार्य नहीं है।

 

 

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला