जून 24, 2026 7:35 अपराह्न | Chief Minister Rekha Gupta

printer

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में 657 करोड़ रुपये की सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजनाओं को मंजूरी

दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़कों को नई मजबूती देने के लिए लगभग 657 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। यह निर्णय आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में लिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से राजधानी की सड़कों को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख मार्गों की गुणवत्ता में सुधार होगा और सड़क अवसंरचना को आधुनिक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के पूर्वी रख-रखाव क्षेत्र में लगभग 58 किलोमीटर लंबी सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर एक सौ 47 करोड़ रुपये, उत्तरी रख-रखाव क्षेत्र में एक सौ चार किलोमीटर लंबी सड़कों पर दो सौ 47 करोड़ रुपये और दक्षिणी रख-रखाव क्षेत्र में लगभग एक सौ सात किलोमीटर लंबी सड़कों पर 263 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत व्यय की जाएगी।