सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने बताया है कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हमले में घायल दो भारतीय नागरिक अब भी गहन चिकित्सा इकाई-आईसीयू में भर्ती हैं, जबकि एक अन्य घायल का हाई डिपेंडेंसी यूनिट में इलाज चल रहा है। दूतावास ने नई परामर्श सूचना में बताया कि तीन अन्य घायल भारतीय नागरिकों का सामान्य वार्ड में उपचार किया जा रहा है। दूतावास के अनुसार रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब भी उड़ानों के लिए बंद है। हालांकि, दम्माम, जेद्दा और मदीना के हवाई अड्डों पर उड़ानें जारी हैं, लेकिन कुछ व्यवधान अब भी बने हुए हैं। इस बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन बढ़ा दिया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 20 अक्टूबर तक सभी मार्गों पर अपनी उड़ानें स्थगित कर दी हैं। वहीं सऊदिया एयरलाइंस दम्माम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए निर्धारित उड़ानें संचालित कर रही है। दूतावास ने तत्काल भारत लौटने वाले भारतीय नागरिकों को आवश्यक वीजा प्राप्त करने के बाद बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते यात्रा करने की सलाह दी है।
News On AIR | अक्टूबर 16, 2026 9:47 अपराह्न
रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब भी उड़ानों के लिए बंद