गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव चित्तरंजन दास के नेतृत्व में सात सदस्यीय केंद्रीय दल चक्रवात अर्नब से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए आंध्र प्रदेश में है। राज्य के अधिकारियों ने चक्रवात से हुए नुकसान और स्थिति से निपटने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, चक्रवात अर्नब से राज्य के 12 जिलों में 4,764 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कोनसीमा और पश्चिमी गोदावरी सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल हैं। केंद्रीय दल कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी और पश्चिमी गोदावरी जिलों के चक्रवात प्रभावित इलाकों का दौरा करेगा। इस दौरान दल कृषि, मकानों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन करेगा तथा प्रभावित लोगों से भी बातचीत करेगा। इस बीच, प्रभावित जिलों में राहत और पुनर्वास का काम जारी है।
राज्य सरकार ने चक्रवात से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रारंभिक आकलन में धान और बागवानी फसलों को व्यापक नुकसान होने की बात सामने आई है। बिजली, पेयजल और सड़क संपर्क बहाल करने का काम किया जा रहा है।