रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वर्चुअल माध्यम से नई रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क को और मजबूती मिलेगी।
यह रेलगाड़ी जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के साथ-साथ रामनगर के निकट स्थित मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी लाभदायक होगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह रेलगाड़ी सप्ताह में 2 दिन संचालित होगी और उत्तराखंड के कुमाऊं तथा गढ़वाल क्षेत्रों के बीच बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।