नवम्बर 18, 2026 2:05 अपराह्न

printer

क्वाड नेताओं की बैठक उत्कृष्ट, महत्वपूर्ण और परिणामदायी: अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्वाड नेताओं की बैठक को उत्कृष्ट, महत्वपूर्ण और परिणामदायी बताया है। भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने आज सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। इसमें श्री रुबियो ने कहा कि वे कारोबारी जगत के नेताओं की बैठक और क्वाड नेताओं की अगली बैठक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
 
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने कल फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्‍सा लिया।
 
वर्ष 2026 में क्वाड के पुनरुद्धार के दस वर्ष पूरे हो जाएंगे। इसी वर्ष स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र की परिकल्पना के भी दस वर्ष पूरे होंगे। इस परिकल्पना को पहली बार वर्ष 2016 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने सामने रखा था।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्वाड शिखर सम्मेलन में कहा कि भारत के लिए क्वाड रचनात्मक और विश्वसनीय साझेदारी है। यह समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला, नई प्रौद्योगिकियों और आपदा राहत सहित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की चुनौतियों के लिए भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में काम करती है। बैठक के बाद श्री मोदी ने कहा कि क्वाड नेताओं की बैठक ने स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को नई गति दी है।