कतर ने लेबनान की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने में सहायता करने का आश्वासन दिया है। इसमें देश के जर्जर बिजली क्षेत्र का पुनर्वास और दक्षिणी लेबनान के पुनर्निर्माण में सहायता शामिल है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने आज बेरूत में लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कतर लेबनान की सेना को राष्ट्रीय संस्था के रूप में समर्थन देना जारी रखेगा।
इससे पहले, कतर के प्रधानमंत्री ने लेबनान के राष्ट्रपति और संसद के अध्यक्ष से भी मुलाकात की। श्री अल थानी ने इस्राएल को लेबनान से अपनी सेना वापस बुलाने और हमले रोकने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कतर दक्षिणी लेबनान के पुनर्निर्माण और विस्थापित लोगों की उनके घरों में वापसी सुनिश्चित करने के लिए अमरीका के साथ समन्वय कर रहा है।