अक्टूबर 10, 2026 11:46 पूर्वाह्न

printer

पुतिन ने कहा – अमरीका और रूसी तेल व पेट्रोलियम उत्पादों की प्रस्तावित आपूर्ति का विश्व अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमरीका और वैश्विक बाजार में रूसी तेल तथा पेट्रोलियम उत्पादों की प्रस्तावित आपूर्ति का विश्व अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कल टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद राष्ट्रपति पुतिन ने यह टिप्‍पणी की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा आपूर्ति, यूक्रेन संघर्ष और ईरान की स्थिति पर चर्चा की। रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति के लिए रूस की इच्‍छा की पुष्टि की।

राष्ट्रपति ट्रंप ने भी प्रस्तावित आपूर्ति का स्वागत किया। उन्होंने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि इससे डीजल की कीमत कम करने में मदद मिलेगी। रूस के राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने बताया कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष पर शांति वार्ता फिर से शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं पर विचार किया। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि ईरान के साथ कूटनीतिक विकल्प अब भी उपलब्ध हैं। ट्रंप ने स्थिति के समाधान के प्रयासों में रूस की भागीदारी का स्वागत किया।