पंजाब पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में अमृतसर जिले में सीमा पार से संचालित अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सब-मशीन गन सहित 10 अत्याधुनिक हथियार, पांच किलोग्राम से अधिक हेरोइन और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे संचालकों के संपर्क में थे। वे कथित रूप से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। वित्तीय लेन-देन के लिए हवाला नेटवर्क का भी इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। मामले की जांच जारी है।