अक्टूबर 7, 2026 9:46 पूर्वाह्न

printer

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सीबीआई की कार्रवाई की निंदा की

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार उनकी सरकार को बदनाम करने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। उनकी यह टिप्पणी सीबीआई के पंजाब के मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी राजबीर घुमन और उनके सहयोगियों के खिलाफ तबादलों के लिए रिश्वत लेने, आईएएस और आईपीएस रैंक के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों की नियुक्तियों में हेराफेरी करने और भ्रष्टाचार के अन्य मामलों में एफआईआर दर्ज करने के बाद आई है।

उनके चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर स्थित 8 ठिकानों पर छापेमारी कर लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेजों जैसे आपत्तिजनक सबूत जब्त किए गए। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई कल पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा प्रवर्तन निदेशालय से संबंधित भ्रष्टाचार मामले को सीबीआई को सौंपने के आदेश के बाद हुई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दो सरकारी कर्मचारियों, बिचौलियों और सहयोगियों सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें ओएसडी घुमन, नितिन गोहल और जितिन गोहल, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर, आर.एस. नागरा और कुछ अन्य सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। जांच जारी है।