अक्टूबर 7, 2026 12:10 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जनता का विश्वास और करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि जनता का विश्वास और करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है। नई दिल्ली में आज विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने आज सुबह श्री विनायक मंदिर जाकर देश और 140 करोड़ नागरिकों की समृद्धि की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने ईश्वर से उन्हें और अधिक शक्ति और ऊर्जा देने की प्रार्थना की, ताकि वे पूरी निष्ठा के साथ दिन-रात देश और जनता की सेवा करते रहें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 वर्ष में जनता से मिला विश्वास और इस दौरान हासिल अनुभव उनकी बड़ी पूंजी है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा को अपने जीवन का एकमात्र उद्देश्य बनाया है और राजनीति को राष्ट्रसेवा का माध्यम माना है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को देश की 25 वर्ष की निरंतर, समर्पित और अथक सेवा पूरी करने पर बधाई दी। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को केंद्र में रखकर कई योजनाएं बनाई और उन्हें लागू किया।

उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान लाने के लिए निरंतर काम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बड़ी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के सबसे गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की पहल की भी सराहना की। इनमें शौचालयों का निर्माण और उज्ज्वला योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और स्वाभिमान बढ़ा है।