जून 24, 2026 5:38 अपराह्न | Parvesh Sahib

printer

दिल्ली: लोक निर्माण विभाग मंत्री परवेश साहिब सिंह ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की

मानसून के आगमन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री परवेश साहिब सिंह ने आज कीर्ति नगर और मोती नगर में चल रही मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि राजधानी में नालों की डी-सिल्टिंग का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीँ सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि इस वर्ष डी-सिल्टिंग अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गयी है। विभाग ने कहा कि इस वर्ष लगभग 30 लाख मीट्रिक टन गाद हटाने का कार्य पूरा किया गया है, जिससे जल निकासी क्षमता में सुधार होगा, वर्षा जल के तेज़ प्रवाह को सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा बाढ़ और जलभराव की आशंकाओं को कम करने में मदद मिलेगी।

वहीं, मीडिया से बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि आज दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य अभियंता और फील्ड टीमें मानसून से पहले सड़कों और नालों का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि रखरखाव अनुबंध होने के बावजूद कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन केवल ज़मीनी स्तर पर जाकर ही किया जा सकता है। श्री सिंह ने बताया कि अगले 10 से 15 दिनों में दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा।