नवम्बर 19, 2026 10:13 पूर्वाह्न

printer

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में सालाना आधार पर मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में सालाना आधार पर मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल शुद्ध लाभ 16.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वहीं, कुल परिचालन लाभ 13.9 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।

इस वर्ष सितंबर तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल कारोबार सालाना आधार पर 15.5 प्रतिशत बढ़कर 300 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। पहली बार बैंकों का कुल कारोबार इस स्तर पर पहुंचा है।

मंत्रालय ने बताया कि बैंकों की कुल जमा राशि में 13.1 प्रतिशत और अग्रिम ऋण में 18.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी लगातार सुधार हो रहा है। सकल एनपीए अनुपात घटकर 1.69 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए अनुपात 0.33 प्रतिशत रह गया है।

 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कामकाज के स्तर में सुधार के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का असर अब उनके वित्तीय प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। ये प्रयास विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप देश की विकास आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होंगे।