बांग्लादेश में ढाका विश्वविद्यालय के जगन्नाथ हॉल में मां सरस्वती की 30 फुट ऊंची स्थायी प्रतिमा स्थापित करने की प्रस्तावित योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय ने इस परियोजना की आधारशिला 8 नवंबर को रखी थी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एबीएम ओबैदुल इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश सभी धर्मों के लोगों का देश है। उन्होंने सभी को समान अधिकार देने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के महत्व पर बल दिया। इस बीच, विश्वविद्यालय के छात्रों के एक समूह ने प्रदर्शन कर इस परियोजना को रद्द करने की मांग की है।
इस्लामी धार्मिक संगठन हिफाजत-ए-इस्लाम ने भी इस पहल का विरोध किया है। संगठन ने आरोप लगाया कि यह हिंदुत्व के एजेंडे का हिस्सा है। उसने दावा किया कि कट्टर हिंदू राष्ट्रवादी संगठन इस प्रस्तावित प्रतिमा के माध्यम से अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन ने सरकार से इस परियोजना के पीछे के उद्देश्यों की जांच कराने की मांग की है।