अप्रैल 10, 2026 6:17 अपराह्न | Namo Bharat Corridor

printer

प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पी. के. मिश्र ने नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया

प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पी. के. मिश्र ने प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का दौरा किया। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव, श्रीनिवास कटिकिथाला तथा एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक, शलभ गोयल भी इस दौरान उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सराय काले खां स्टेशन से दुहाई डिपो तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा कर सुविधाओं का निरीक्षण किया। सराय काले खां स्टेशन को मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं से आसान कनेक्टिविटी मिलती है।
डॉ. मिश्र ने सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों के इस एकीकृत ‘नेटवर्क ऑफ नेटवर्क्स’ के विकास की सराहना की, जिसमें परिवहन के विभिन्न साधन एक-दूसरे के पूरक बनकर यात्रियों को एक साधन से दूसरे साधन के बीच आवागमन में सुगमता प्रदान करते हैं। साथ ही उन्‍होंने यात्रियों के लिए सुविधाजनक और समावेशी व्यवस्था, खासकर स्ट्रेचर जैसी सुविधाओं की सराहना भी की।
इसके अलावा डॉ. मिश्र ने दुहाई डिपो में ‘अपरिमित’ इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन भी किया, जहां आधुनिक तकनीकों के जरिए ट्रेन संचालन और प्रशिक्षण को बेहतर बनाया जाएगा।