दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज खेड़ा कलां में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी को सुना। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी देश के एक सौ 40 करोड़ नागरिकों को ऐसे प्रयासों से परिचित कराते हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से दिल्ली के गांवों में विकास कार्यों को गति मिली है। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में चार सौ करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि राजधानी के प्रत्येक हिस्से में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और गांवों तथा शहरी क्षेत्रों के बीच सुविधाओं की असमानता को दूर किया जाए।