प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके अदम्य साहस और अटूट देशभक्ति भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में गौरवपूर्ण स्थान रखती है। श्री मोदी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अनगिनत युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पित होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रशेखर आजाद का संकल्प पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने आज स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया और मातृभूमि की आजादी को अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य बना लिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि काकोरी ट्रेन कांड के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश शासन को यह स्पष्ट संदेश दिया कि देश के संसाधन केवल उसकी जनता के हैं। उन्होंने कहा कि आज भी उनकी वीरता की गाथा पढ़कर आत्मा देशभक्ति से भर जाती है।