प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री नरेन्द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक चुनाव रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि आगामी चुनावों में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस हारने जा रही है। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास को क्षति पहुंचाई है और निधि आवंटन में असंतुलन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मदरसों को पर्याप्त संसाधन दिए, लेकिन उत्तर बंगाल की विकास ज़रूरतों की अनदेखी की गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा नहीं है। उन्होंने जनता से राज्य में विकास और बेहतर शासन के लिए भाजपा का समर्थन करने की अपील की।
उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने पूर्वी बर्धमान के खंडाघोष में चुनाव रैली में भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अपने वादों को पूरा करती है, जबकि भाजपा के नेता केवल वादे करते हैं और उन्हें निभाते नहीं हैं। सुश्री बैनर्जी ने कृषि को लेकर भाजपा के दावों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई है।