राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री ने दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
राजस्थान में शंभूपुरा के पास कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना एक तेज रफ्तार गाड़ी के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने से हुई। मृतक महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी थे और खाटू श्यामजी मंदिर के दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।
दुर्घटना के समय वाहन में 16 लोग सवार थे। घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।