अक्टूबर 20, 2026 10:14 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया

बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा आज देशभर में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी राष्ट्रीय राजधानी के आईपी एक्सटेंशन में दशहरा समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आशा व्यक्त की कि देश के सभी संस्थान और राजनीतिक दल राष्ट्रीय हित में एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मनों का सामना करने के लिए सभी को एकजुट रहना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि देश के सम्मान को ठेस पहुंचाने, समाज में विभाजन पैदा करने और भारतीय संस्कृति के प्रति नफरत रखने वाले लोग देश के दुश्मन हैं। प्रधानमंत्री ने देश को भारत के दुश्मनों की पहचान करने और उन्हें पराजित करने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है और सत्य तथा धर्म की शक्ति की याद दिलाती है। श्री मोदी ने कहा कि भगवान राम को जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन वे हमेशा सत्य और सिद्धांतों के मार्ग पर चले। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन करुणा, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए उनकी सरकार सुशासन के माध्यम से रामराज्य की भावना को साकार करना चाहती है। 
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम दिल्ली के द्वारका में दशहरा समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं। राष्ट्रपति ने देशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में आयोजित रामलीलाओं के माध्यम से लोग भगवान राम के आदर्शों और मूल्यों को याद करते हैं। उन्‍होंने कहा कि भगवान राम के जीवन से पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण का महत्व भी सीखा जा सकता है।