सरकार सोमवार से शुरू होने वाले लोकसभा के विशेष सत्र में संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक- 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक- 2026 और केंद्र शासित प्रदेश विधि (संशोधन) द्वितीय विधेयक- 2026 पेश करेगी। इन विधेयकों के पारित होने से सभी राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रस्तावित विधेयक के अनुसार लोकसभा की सीटें वर्तमान 543 से बढ़कर 816 हो जाएंगी।
केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भारत के संविधान में संशोधन हेतु विधेयक पेश करेंगे। वह लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों को लागू करने के उद्देश्य से परिसीमन (द्वितीय) विधेयक- 2026 भी रखेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक- 2026 पेश करेंगे। इसका उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश सरकार अधिनियम- 1963, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार अधिनियम- 1991 और जम्मू एवं कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम- 2019 में संशोधन करना है।
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने परिसीमन द्वितीय विधेयक 2026 को लोकसभा में विचार करने की अनुशंसा की। यह अनुशंसा केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इन तीनों विधेयकों को मंजूरी देने के एक दिन बाद आई है।
श्री मेघवाल ने कहा कि प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के संसदीय प्रतिनिधित्व में विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन ढांचा भारत के संसदीय परिदृश्य को नया रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पहल से देशभर की लाखों महिलाओं के लिए नेतृत्व और प्रतिनिधित्व के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उनकी आकांक्षाओं को एक नई आवाज देगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया को एक नई दिशा प्रदान करेगी।
संविधान संशोधन विधेयक पारित होने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत अनिवार्य है।
हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा का चार दिवसीय सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है और गुरुवार को समाप्त होगा। हालांकि, राज्यसभा का दो दिवसीय सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा।