राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव का दिया गया ‘इक ओंकार’ का संदेश संपूर्ण मानवता की एकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने जातिगत भेदभाव, सामाजिक ऊंच-नीच और असमानता से मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने प्रेम, करुणा और मानवता की सेवा को जीवन का आधार बनाने की शिक्षा दी।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाओं में ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के सिद्धांतों का विशेष महत्व है। उन्होंने लोगों को ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका कमाने तथा अपनी कमाई दूसरों के साथ बांटने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रपति ने सभी लोगों से गुरु नानक देव की शिक्षाओं का अनुसरण करने और सेवा, समानता तथा सद्भाव के मूल्यों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।