राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि रामराव सखाराम वडकुते जनकल्याण के प्रति समर्पित थे। उन्होंने महाराष्ट्र और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों, उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रामराव सखाराम वडकुते के योगदान और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रामराव वडकुते को समाज के प्रति उनके योगदान और गरीबों एवं वंचितों की सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए रामराव वडकुते ने समर्पित भाव से प्रयास किए। प्रधानमंत्री ने रामराव वडकुते के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वाडकुटे का आज नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान – एम्स में निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे 72 वर्ष के थे। श्री रामराव वाडकुटे मराठवाड़ा क्षेत्र के एक प्रमुख राजनेता थे। उन्हें धनगर समुदाय से संबंधित मुद्दों पर अपने कार्यों के लिए व्यापक रूप से पहचाना जाता है।
उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वे 2004 से 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। राजनीतिक जीवन के दौरान, उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सहकारी दुग्ध संघ के अध्यक्ष और पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर भेड़ तथा बकरी विकास निगम के अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाले।
भाजपा ने मार्च 2026 में महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए रामराव वाडकुटे को मनोनीत किया। उनका संसदीय कार्यकाल अप्रैल में शुरू हुआ और उन्होंने उसी महीने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।