प्रसार भारती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। प्रसार भारती के नोंगमैथेम नंदकुमार सिंह को प्रसारण तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित एबीयू ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।
उनके प्रमुख नवाचारों में डीडी प्लेआउट शामिल है। यह स्वदेशी ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर है, जिसे दूरदर्शन के कई केंद्रों ने अपनाया है। इसके अलावा, उन्होंने डीडी स्लोमो भी विकसित किया है। यह कम लागत वाली स्लो-मोशन रीप्ले प्रणाली है, जिसका इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में किया जाता है।
यह पुरस्कार एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन-एबीयू ने प्रदान किया है। यह एक क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें 66 देशों के लगभग 224 प्रसारण और मीडिया संगठन शामिल हैं।
एबीयू की 63वीं आम सभा और इससे जुड़ी बैठकें 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक कोलंबो में आयोजित की जा रही हैं। पांच दिन के इस आयोजन में प्रसारणकर्ता, मीडिया क्षेत्र के प्रमुख, इंजीनियर और उद्योग विशेषज्ञ तकनीक, कार्यक्रम और खेल से जुड़ी बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही, ‘ब्रॉडकास्टिंग फॉर ऑल फोरम’, ‘मीडिया लीडर्स फोरम’ और ‘सुपर पैनल’ का भी आयोजन किया जा रहा है।
‘शांति और मानवता के लिए मीडिया: सत्य, विश्वास और बदलाव’ विषय पर आयोजित इस आम सभा में नवाचार, उभरती तकनीकों और प्रसारण के भविष्य पर चर्चा की जा रही है।
प्रसार भारती के इंजीनियर को मिला यह सम्मान एशिया-प्रशांत क्षेत्र में प्रसारण इंजीनियरिंग और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भारत के योगदान को रेखांकित करता है।