मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना उच्च दबाव उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आज शाम तक दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्सों में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। कल शाम तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, इसके और अधिक तीव्र होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा शुक्रवार दोपहर तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में नेल्लोर और तूनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार करने का अनुमान है।
विभाग ने मछुआरों को शुक्रवार तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से तथा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।अगले तीन से चार दिन तक अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में कल तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज दोपहर एक बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 दर्ज किया गया है।