पोलैंड ने यूक्रेन के साथ सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने का फैसला किया है। यह कदम सीमा के पास रूस के ड्रोन हमलों के बाद उठाया गया है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने चेतावनी दी है कि रूस नाटो की पूर्वी सीमा के निकट क्षेत्रों में सैन्य अभियान को तेज कर सकता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर रूप से बिगड़ सकती है और पोलैंड अपने क्षेत्र में संघर्ष के फैलने की आशंका से इनकार नहीं कर सकता। उन्होंने संभावित संयुक्त प्रतिक्रिया पर नाटो सहयोगियों से विचार-विमर्श करने की बात कही।
उधर, रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि रूस की सेना यूक्रेन में अभियान जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भारत और चीन संघर्ष के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हाल की बातचीत में समझौता कराने में मदद की इच्छा प्रकट की है।