बंगाल के लोग पूरी दुनिया में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ पोइला बोइशाख मना रहे हैं और नए साल 1433 का स्वागत कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में श्रद्धालु कालीघाट काली मंदिर और दक्षिणेश्वर काली मंदिर सहित कई मंदिरों में शांति, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। राज्य के बाज़ारों में रौनक है। व्यापारी पारंपरिक हाल खाता समारोह के अंतर्गत नए खाते खोल रहे हैं और ग्राहकों का मिठाई से स्वागत कर रहे हैं। राज्य भर के भोजनालय ग्राहकों को पारंपरिक बंगाली व्यंजन परोस रहे हैं। इस अवसर को मनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाली नव वर्ष, पोइला बैशाख के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में, लोकसभा अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि नव वर्ष हर घर में नई आशाएं, नए अवसर और असीम आनंद लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जीवंत भावना का जश्न मनाते हुए लोगों को नए सिरे से आशावाद और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए सफलता स्वास्थ्य और खुशियों से भरा हो।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भूमि साहित्यिक उत्कृष्टता से संपन्न और स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के पवित्र इतिहास से धन्य है। बंगाल नव वर्ष में विकास, सुशासन और कल्याण के एक नए युग में प्रवेश करे। उन्होंने राज्य के लोगों के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की भी कामना की।