प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि 15 नवंबर 2021 को जनजातीय गौरव दिवस शुरू होने के बाद से यह दिवस राष्ट्रीय उत्सव बन गया है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में विडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब देश के पर्व और दिवस विदेशी दृष्टिकोण से जाने जाते थे लेकिन अब भारत स्वाभिमान की भावना के साथ अपनी विरासत, अपने इतिहास और अपने नायकों को याद करता है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय चेतना में एक प्रमुख बदलाव का परिचायक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा देश की दो प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा चारों ओर होती है। उन्होंने कहा कि पहली उपलब्धि 50 करोड़ लोगों को अत्याधिक गरीबी से बाहर लाना तथा दूसरी उपलब्धि देश को नक्लसवाद और माओवादी आतंक से मुक्त कराना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है जो लंबे समय से विकास की दौड में पिछड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि देश में एक सौ आकांक्षी जिलों और पांच सौ आकांक्षी विकास खंडों के लिए विशेष अभियान शुरू किए गए है। श्री मोदी ने कहा कि इनमें से अधिकतर क्षेत्रों में प्रमुख रूप से जनजातीय लोगों का निवास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि धन धान्य योजना के अंतर्गत कृषि क्षेत्र में सबसे पिछड़े एक सौ जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णविस और केन्द्रीय जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम ने भी सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ जनजातीय लाभार्थियों से बातचीत की।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब तीन हज़ार करोड़ रूपये की 246 विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। इसले अलावा, श्री मोदी ने 173 परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान-पीएम जनमन के अंतर्गत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र सेवाओं की उपलब्धता और सामुदायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला भी रखी। उन्होंने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत कई अन्य परियोजनाओं का लोकापर्ण भी किया। इन दोनों अभियानों के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने 42 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
श्री मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के भवन और मिजोरम में रूपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया। इनका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और विरासत का संरक्षण करना है।
आज के इस कार्यक्रम के साथ ही देशभर में इस महीने की पहली से 15 तारीख तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन होगा।