प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वर्चुअल माध्यम से लगभग 21 हजार 800 करोड़ रुपये की पुणे मेट्रो परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री पुणे मेट्रो लाइन – 3 का उद्घाटन करेंगे। इसे पिंक लाइन के नाम से जाना जाता है। यह मेट्रो लाइन 8 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक के बजट से बनाई गई है। यह प्रौद्योगिकी नवाचार और आधुनिक परिवहन समाधानों के जरिए पुणे के शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लगभग 23 किलोमीटर लम्बी पिंक लाइन मानको जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। यह गलियारा हिंजेवाड़ी आईटी हब और शिवाजी नगर के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी में सुधार करेगा और पुणे के सबसे महत्वपूर्ण रोजगार केंद्रों में से एक की यात्रा सुगम बनायेगा।
श्री मोदी पुणे मेट्रो के द्वितीय चरण की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना लगभग 13 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। इस फेस-2 में मेट्रो लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल होंगी। इससे शहर के प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक और आईटी हब के बीच मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा। फेस-2 की कुल लम्बाई 12.75 किलोमीटर है। मेट्रो लाइन 4 लगभग 25.52 किलोमीटर और लाइन 4ए लगभग 6.12 किलोमीटर लम्बी है। इन परियोजनाओं से पुणे की सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना मजबूत होगी और शहर की यात्रा सुगम होगी।