प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे होने पर विश्व नेताओं से मिली शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया है। नाइजीरिया, डोमिनिका, बेल्जियम, फिलीपींस, भूटान और बोत्सवाना के नेताओं के संदेशों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इन देशों के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबू को धन्यवाद देते हुए, श्री मोदी ने कहा कि भारत और नाइजीरिया घनिष्ठ साझेदार हैं और ग्लोबल साउथ के देशों की अग्रणी आवाज हैं। उन्होंने रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और अधिक समावेशी, समृद्ध और शांतिपूर्ण विश्व की दिशा में काम करने की तत्परता व्यक्त की। उन्होंने डोमिनिका और बेल्जियम के नेताओं को भी धन्यवाद दिया और कहा कि भारत द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत फिलीपींस के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को बहुत महत्व देता है। श्री मोदी ने कहा कि वे दोनों देशों के बीच मित्रता को और प्रगाढ़ करने के लिए तत्पर है।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे को धन्यवाद देते हुए श्री मोदी ने आपसी विश्वास और समझ पर आधारित भारत और भूटान के बीच अटूट साझेदारी का उल्लेख किया। उन्होंने बोत्सवाना के राष्ट्रपति डुमा बोको के अभिवादन की भी सराहना की और कहा कि भारत बोत्सवाना के साथ अपनी मित्रता को बहुत महत्व देता है।