अगस्त 14, 2026 11:23 पूर्वाह्न

printer

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभाजन पीड़ितों को नमन किया

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन से प्रभावित सभी लोगों के साहस को याद किया। सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम विभाजन से प्रभावित सभी लोगों के साहस को याद करते हैं। इतिहास का वह क्षण जिसने कई जिंदगियों को तहस-नहस कर दिया, अपनों को खो दिया गया और असहनीय पीड़ा भी सहनी पड़ी। श्री मोदी ने कामना की कि यह दिन हमारे राष्ट्र में सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा और हम सब मिलकर एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा की ओर आगे बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने संस्कृत का उद्धरण भी साझा किया और विभाजन के भयावह दौर से उभरकर राष्ट्र की प्रगति में अमूल्य योगदान देने वाले सभी देशवासियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने साहस और शक्ति से सिद्ध किया कि विपरीत परिस्थितियों में भी संकल्पों को पूरा कर सकते हैं।

गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विभाजन में जान गंवाने वाले सभी लोगों और अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष करने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री अमित शाह ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का दिन इतिहास के सबसे क्रूर अध्यायों में से एक का साक्षी है, जिसमें लाखों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और अमानवीय पीड़ा सहनी पड़ी। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को अपने घर, संपत्ति और प्रियजनों को छोड़कर विस्थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ा।

श्री शाह ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मोदी सरकार इस त्रासदी की स्मृतियों को युवाओं तक पहुंचा रही है, ताकि देश को फिर से बांटने की कोशिश करने वाली ताकतें कभी सफल न हो सकें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह दिन भारत के विभाजन की उस त्रासदी की याद दिलाता है, जिसने लाखों परिवारों के जीवन को गहरे दुख, विस्थापन और अनिश्चितता से भर दिया। उन्होंने कहा कि यह उन अनगिनत लोगों के संघर्ष, साहस, बलिदान और दृढ़ता का भी स्मरण है, जिन्होंने अपने घर, परिवार, संपत्ति और प्रियजनों को खोने के बावजूद अपने जीवन को फिर से संवारने का संकल्प दिखाया।