नवम्बर 21, 2026 9:33 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री ने लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भारत के कुशल युवाओं की मेहनत और उपलब्धियों का उल्‍लेख किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि युवाओं को सशक्त बनाने और देश की प्रगति को गति देने में कौशल विकास तथा तकनीकी प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्री मोदी आज उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी हो या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान-आईटीआई, दोनों ही देश की अनमोल धरोहर हैं। ये संस्थान देश की ताकत और भारत के भविष्य का आधार हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई में पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों ने जो कौशल और विशेषज्ञता हासिल की है, वह विकसित भारत के निर्माण में बड़ी ताकत बनेगी।
 
श्री मोदी ने कहा कि भारत में हमेशा से कौशल और शिल्पकला का सम्मान किया जाता रहा है। उन्होंने बनारसी और कांचीपुरम रेशम, सूती वस्त्र, कलमकारी कला, तलवार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उच्च गुणवत्ता के इस्पात, कांस्य कला और मूर्तिकला की समृद्ध परंपरा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोगों के ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करने से उनके लिए नए अवसर उपलब्‍ध होते हैं, जिसका देश को भी काफी लाभ होता है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुशल लोगों का रोजगार का स्‍थान ए.आई कभी नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास पर बल दिया गया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत इस समय दुनिया की कौशल राजधानी बन रहा है। पूरा विश्‍व कुशल तथा प्रशिक्षित पेशेवरों के लिए भारत को वरीयता दे रहा है।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में कौशल भारत मिशन की शुरुआत की थी। उत्तर प्रदेश में इस मिशन को तेजी से लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 17 लाख युवाओं को इस मिशन के अंतर्गत कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से हजारों प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार दिलाने के प्रयास भी किए गए हैं।
 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय परंपराओं में बताया गया है कि ज्ञान से व्यक्ति की समझदारी और कौशल से कार्य करने की क्षमता बढ़ती है। इन दोनों गुणों से व्यक्ति आत्मनिर्भर बनता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कौशल विकास का एक मजबूत तंत्र तैयार किया गया है।
 
समारोह में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय स्तर के 52 श्रेष्ठ विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय का यह प्रमुख वार्षिक समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया। इसमें लखनऊ और आसपास के जिलों के पांच हजार से अधिक आईटीआई विद्यार्थी और प्रशिक्षक शामिल हुए।