अक्टूबर 2, 2026 2:30 अपराह्न

printer

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने फ्रांस, कनाडा समेत चार देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीका के मिलवॉकी में जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर फ्रांस, कनाडा, सऊदी अरब और दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में संबंधित देशों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई।
 
फ्रांस के विदेश व्यापार और आर्थिक मामलों के मंत्री निकोलस फोरिसिए के साथ बैठक में श्री गोयल ने व्यापार और निवेश बढ़ाने, भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने तथा विमान निर्माण, यूपीआई के एकीकरण और संयुक्त नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
 
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ बैठक में दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते-सीईपीए पर जारी वार्ता की समीक्षा की और इसे जल्द आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मार्च में इस समझौते की शुरुआत की थी। इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
 
सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल-कसाबी के साथ बैठक में श्री गोयल ने भारत और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए जारी बातचीत की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।
 
दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री पार्क जंग-सुंग के साथ बैठक में भारत-दक्षिण कोरिया व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को उन्नत बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने संतुलित व्यापार वृद्धि, भारतीय कृषि उत्पादों, दवाओं और समुद्री उत्पादों के लिए बाजार तक बेहतर पहुंच तथा भारत में दक्षिण कोरियाई विनिर्माण निवेश बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।