पाकिस्तान में आज पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अगले सप्ताह प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले की गई है। अलीमा खान को लाहौर में हिरासत में लेकर कोट लखपत जेल भेज दिया गया है। वह वर्ष 2023 से जेल में बंद अपने 73 वर्षीय भाई की रिहाई के लिए अभियान चला रही थीं।
लाहौर के उपायुक्त मुहम्मद अली इजाज ने पंजाब मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर अध्यादेश, 1960 के तहत उन्हें 30 दिनों के लिए हिरासत में रखने का आदेश जारी किया है। तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी 27 सितंबर को इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।