अक्टूबर 4, 2026 9:54 अपराह्न

printer

पाकिस्‍तान: सरकार के साथ बातचीत नाकाम होने के बाद पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी ने निकाला मार्च

पाकिस्‍तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्‍तान-तहरीक-ए-इंसाफ ने खैबर-पख्‍तूनख्‍वा से इस्‍लामाबाद की तरफ लम्‍बा मार्च शुरू किया। सरकार के साथ बातचीत नाकाम होने के बाद यह कदम उठाया गया है। खैबर-पख्‍तूनख्‍वा के मुख्‍यमंत्री सोहेल अफरीदी ने लक्‍की मारवत में गांधी चौक से मार्च का नेतृत्‍व किया। उन्‍होंने कहा कि पार्टी बृहस्‍पतिवार को खैराबाद पहुंचने पर अगली कार्रवाई की घोषणा करेगी।

दोनों पक्षों की बातचीत इमरान खान की तुरंत रिहाई और उन्‍हें अस्‍पताल भेजने सहित प्रमुख मांगों पर केन्द्रित थी। पार्टी चाहती है कि इमरान खान को अस्‍पताल भेजने के बाद उनके निजी डॉक्‍टर पूर्व प्रधानमंत्री की जांच और उपचार करें। लेकिन सरकार चाहती थी कि पाकिस्‍तान तहरीक-ए- इंसाफ मार्च रद्द कर दे।

73 वर्षीय इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। उन पर भ्रष्‍टाचार और हिंसा भड़काने सहित 100 से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। वे फिलहाल रावलपिंडी की अडियाला जेल में हैं।