सितम्बर 6, 2026 8:25 पूर्वाह्न

printer

आईब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 500 से अधिक निवेशक और कारोबारी नेता होंगे शामिल

नई दिल्ली में इस महीने की 12 और 13 तारीख़ को आईब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 500 से अधिक संस्थागत निवेशक, वित्त मंत्री और उद्योगपति शामिल होंगे। यह आयोजन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के समानांतर होगा। सम्मेलन का उद्देश्य ब्रिक्स के 21 सदस्य देशों और साझेदार देशों में संप्रभु पूंजी का उपयोग भरोसेमंद बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और डिजिटल क्षमता परियोजनाओं के लिए करना है। संप्रभु धन कोष, पेंशन कोष और परिवार कार्यालय कुल मिलाकर 1 ट्रिलियन डॉलर मूल्य की संपत्ति का प्रबंधन करते हैं। सम्मेलन में सीमा-पार निवेश, गैर-डॉलर निपटान और भुगतान प्रणालियों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, भारत की यूपीआई भुगतान प्रणाली और ब्राजील की पिक्स भुगतान प्रणालियों को जोड़ने तथा डिजिटल मुद्राओं में कारोबार पर भी चर्चा होने की संभावना है।

यह शिखर सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब ब्रिक्स देश व्यापार गतिशीलता, अमरीकी शुल्क के दबाव और उच्च डॉलर लागत के समाधान के लिए स्वयं को अनुकूलित कर रहे हैं।

भारत की अध्यक्षता में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। शिखर सम्मेलन में आमंत्रित अतिथि भी शामिल होंगे। यह सम्मेलन लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण विषय से प्रेरित है, जो प्रधानमंत्री के मानवता सर्वोपरि की भावना पर आधारित जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है।