नवम्बर 16, 2026 3:33 अपराह्न

printer

ऑपरेशन सिंदूर ने साबित किया कि भारतीय सशस्त्र बल स्वदेशी हथियारों के दम पर युद्ध लड़ने में सक्षम हैं: प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने कहा है कि पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर ने साबित किया कि भारतीय सशस्त्र बल स्वदेशी हथियारों के दम पर युद्ध लड़ने में सक्षम हैं। वह नई दिल्ली में एक निजी समाचार एजेंसी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

जनरल सुब्रमणि ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त योजना और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी तालमेल का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आकाश जैसी स्वदेशी वायु रक्षा प्रणालियों ने पाकिस्तान के हवाई हमलों को रोकने में सफलता हासिल की।

रक्षा प्रमुख ने कहा कि देश अपने रक्षा उद्योग के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ा है। अब अधिकांश रक्षा अनुबंध घरेलू कंपनियों को दिए जा रहे हैं। पिछले वर्ष भारत का रक्षा निर्यात बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये हो गया, जो 80 से अधिक देशों तक पहुंचा है।

इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता सिर्फ औद्योगिक लक्ष्य नहीं, बल्कि सैन्य अभियानों की जरूरत भी है।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर एक लाख 78 हजार करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 15 दशमलव 5 प्रतिशत अधिक है।