अक्टूबर 24, 2026 5:28 अपराह्न

printer

ताइवान में भीषण तूफान से एक की मौत और 500 से अधिक घायल

ताइवान में भीषण तूफान चांपी की चपेट में आने से आज एक व्यक्ति की मौत हो गई और 500 से अधिक घायल हो गए। तूफान के कारण कई पेड़ गिर गए, उड़ानें बाधित हुईं और लाखों घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

पहले चक्रवाती तूफान का रूप लेने वाला चांपी तूफान अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन उत्तर की तरफ बढ़ते हुए चीन के पूर्वी तट तक इसकी रफ्तार अब भी तेज़ बनी हुई है। ताइवान के अग्निशमन विभाग ने पुष्टि की है कि लियुकिउ द्वीप के पास लहरों में बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण कुल 527 लोग घायल हुए हैं। बिजली कंपनी ताइपॉवर ने बताया कि तूफान के दौरान पौने तीन लाख से अधिक घरों की बिजली चली गई थी, हालांकि बाद में अधिकांश घरों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

चांपी के देश के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के साथ ही चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने झेजियांग प्रांत में एक टीम भेजी है, और कल तेज़ हवा तथा मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि चांपी अंततः दक्षिणी जापान की ओर बढ़ने से पहले चीन के तट के साथ-साथ उत्तर की ओर बढ़ता रहेगा।