जून 24, 2026 8:41 अपराह्न | Hormuz | Strait of Hormuz

printer

ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से एक अस्थायी समुद्री गलियारा खोलने की घोषणा की

ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले एक अस्थायी समुद्री गलियारे के खुलने की घोषणा की है। यह वाणिज्यिक जलमार्ग को बहाल करने और खाड़ी में फंसे हजारों नाविकों के समुद्री संकट को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ओमान सरकार ने कहा कि यह पहल संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन – आईएमओ के समन्वय से विकसित की गई है। इससे क्षेत्रीय संघर्ष से जुड़े महीनों के व्यवधान के बाद जलमार्ग से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को सुगम बनाया जा सके। संगठन के अनुसार क्षेत्र में 11 हजार से अधिक नाविक फंसे हुए हैं। नाविकों को इस पहल से चरणबद्ध निकासी और पारगमन योजना के तहत सहायता प्रदान किए जाने की उम्मीद है।

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने मौजूदा यातायात पृथक्करण योजना के अंतर्गत गलियारे के उत्तर और दक्षिण में अस्थायी मार्ग निर्धारित किए हैं। इस पर अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में सामान्य नौवहन के लिए यह मार्ग असुरक्षित है। गलियारे का उपयोग करने वाले जहाजों को एक नियंत्रित प्रक्रिया के माध्यम से निर्देशित किया जाएगा और पारगमन से पहले उन्हें सीधे अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन और ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय करना होगा।

ओमान ने अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री कानून के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए कहा है कि जहाजों को बिना पारगमन शुल्क के अस्थायी गलियारे का उपयोग करने की अनुमति होगी। ओमान के अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करना और वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देना है।