लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विकास में महिलाओं के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति के लिए समान अवसर और राजनीतिक भागीदारी आवश्यक हैं। श्री बिरला आज राजस्थान के टोंक जिले में बनस्थली विद्यापीठ में आयोजित ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। यह सम्मेलन 23 नवंबर तक चलेगा। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों और अन्य देशों की महिला सांसद, नीति निर्माता, शिक्षाविद और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के दौरान प्रतिभागी महिला नेतृत्व, राजनीतिक भागीदारी और क्षमता बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर अपने अनुभव और बेहतर कार्य प्रणालियां साझा कर रहे हैं। श्री बिरला ने कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भारत में किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद, साइबर अपराध और मानव तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और स्थिरता से ही सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।