ईरान की नौसेना ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद एक तेल टैंकर जहाज में आग लग गई। नौसेना ने आरोप लगाया कि यह जहाज अपने नेविगेशन सिस्टम बंद करके प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में चल रहा था। टैंकर ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय किए बिना निषिद्ध क्षेत्र में दाखिल हुआ और समुद्री नियमों की अनदेखी की। ईरान की नौसेना ने जहाजरानी कंपनियों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले जहाजों के साथ भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
इससे पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आई.आर.जी.सी.) की नौसेना ने बताया था कि बिना अनुमति होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश के दौरान समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकर जहाजों में विस्फोट हुआ और आग लग गई। इन जहाजों के नेविगेशन और स्वचालित पहचान प्रणाली तंत्र बंद थे। आई.आर.जी.सी. नौसेना ने जानकारी दी है कि उनके समुद्री यातायात नियंत्रण केंद्र से चेतावनी मिलने के बाद दो अन्य तेल टैंकर जहाज फारस की खाड़ी की ओर लौट गए।