राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने जयपुर के एक केंद्र पर अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा-एआईएपीजीईटी(AIAPGET) के संचालन में हुई अनियमितताओं के लिए एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एनटीए ने सूचित किया है कि नोटिस के समाधान तक मेसर्स एडुक्विटी का पैनल तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जयपुर के एक केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कल 49 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके। एनटीए ने सूचित किया है कि प्रभावित छात्रों के लिए एआईएपीजीईटी की पुनर्परीक्षा अगले महीने की 1 तारीख को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने कहा कि ऐसे उम्मीदवारों के लिए जारी किए गए संशोधित प्रवेश पत्र के माध्यम से आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। एआईएपीजीईटी परीक्षा कल लगभग 205 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। पंजीकृत 51,482 उम्मीदवारों में से 49,866 उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित हुए।