राष्ट्रीय संचालन समिति-एन एस सी ने प्रधानमंत्री-सेतु योजना के तहत आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम आईटीआई क्लस्टर के लिए आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया नामक एक निजी कंपनी द्वारा प्रस्तुत महत्वपूर्ण निवेश योजना – एस आईपी को मंजूरी दे दी है।
यह मंजूरी प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन -प्रधानमंत्री-सेतु योजना के तहत स्वीकृत होने वाली पहली एसआईपी है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश इस योजना के तहत उद्योग साझेदारी को क्रियान्वित करने वाला पहला राज्य बन गया है। यह मंजूरी कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित तीसरी एनएससी बैठक के दौरान दी गई। मंत्रालय ने कहा है कि यह उपलब्धि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योग-प्रबंधित, परिणाम-उन्मुख संस्थानों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो कार्यबल की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं। इसने आगे कहा कि यह मंजूरी व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण में उद्योग की भागीदारी को मजबूत करने और देश भर में प्रधानमंत्री-सेतु प्रयासों के कार्यान्वयन में तेजी लाने के इच्छुक अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगी।
प्रधानमंत्री-सेतु सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसके लिए साठ हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य उद्योग-आधारित हब-एंड-स्पोक मॉडल के माध्यम से एक हजार सरकारी आईटीआई को रूपांतरित करना है।