पूर्वी अफ्रीका में जिबूती के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव पलटने से 15 बच्चों सहित एक सौ 39 लोगों की मौत हो गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन- आई.ओ.एम. के अनुसार, नाव में 305 लोग सवार थे। यह हादसा बृहस्पतिवार रात हुआ, जब नाव जिबूती के ओबॉक तट से यमन की ओर जा रही थी।
आई.ओ.एम. ने बताया कि मृतकों की आधिकारिक संख्या 139 है। हालांकि, यह आंकड़ा केवल उन शवों पर आधारित है, जिन्हें स्थानीय अधिकारियों ने दफनाया है। कुछ अन्य शवों को प्रवासियों ने खुद दफनाया। हादसे के बाद 84 लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है।
नाव में सवार 80 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। सभी जीवित बचे लोग इथियोपिया के नागरिक हैं। उन्हें ओबॉक स्थित आई.ओ.एम. के बचाव केंद्र में ले जाया गया है, जहां उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
यह नाव बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से जिबूती से यमन जा रही थी। यह मार्ग अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र से खाड़ी देशों में काम और सुरक्षित जीवन की तलाश में जाने वाले हजारों प्रवासियों के लिए एक लोकप्रिय, लेकिन बेहद जोखिम भरा रास्ता है। आई.ओ.एम. के अनुसार, पिछले वर्ष ही इस मार्ग पर नौ सौ से अधिक प्रवासियों की मौत हुई या वे लापता हो गए।