नवम्बर 21, 2026 9:06 अपराह्न

printer

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह कल से दो दिन की भारत यात्रा पर, पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह कल से दो दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। इस वर्ष मार्च में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। वह कल नई दिल्ली पहुंचने पर  विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री अगले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ भी बैठक करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और नेपाल के संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान होगा।
 
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों के साथ ही दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर आधारित घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और डिजिटल संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। मंत्रालय ने कहा कि स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ रहा है।
 
इस यात्रा से दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा आगे बढ़एगी। यह भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अंतर्गत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाती है।