दिल्ली की एक अदालत ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पुणे निवासी भौतिकी लेक्चरर मनीषा संजय हवलदार को छह दिन के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है।
विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने आरोपी से हिरासत में पूछताछ की मांग वाली सीबीआई की याचिका को अनुमति दी। हवलदार को 22 मई को गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर अदालत के समक्ष पेश किया गया था।
सीबीआई के अनुसार हवलदार नीट-यूजी परीक्षा सामग्री के लिए एक अनुवादक के रूप में कार्यरत थी। वह पुणे के सेठ हीरालाल सर्राफ प्रशाला के साथ जुडी थी। हवलदार ने कथित रूप से अन्य आरोपी को अनुवाद के लिए भौतिकी के प्रश्नपत्र दिए। एजेंसी ने हवलदार को नीट-यूजी भौतिकी प्रश्नपत्रों के कथित लीक मामले में एक मुख्य संपर्क की कड़ी बताया है।