नवम्बर 23, 2026 11:44 पूर्वाह्न

printer

वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो गई है: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि भारत में गरीबी दूर करने के लिए केवल अस्थायी राहत देने के बजाय, गरीबी के मूल कारणों और बाधाओं को दूर करने की दिशा में बुनियादी बदलाव आया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लेख में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि अंत्योदय यानी समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर परिवार की समस्याओं को दूर करने का कठिन रास्ता चुना। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।

अपने लेख में उन्होंने पिछले महीने जारी विश्व बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि यह प्रगति लक्षित कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बदलाव को दर्शाती है। इसमें बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच, वित्तीय समावेशन और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से वित्तीय समावेशन की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। इससे सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना संभव हुआ है।

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि इन उपलब्धियों को बनाए रखने के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और कमजोर वर्गों के लिए अवसर बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।