जुलाई 8, 2026 4:06 अपराह्न | Rajasthan Minor Rape Case

printer

राष्ट्रीय महिला आयोग ने राजस्थान में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म और मानव तस्करी मामले का लिया संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने राजस्थान के श्री गंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और मानव तस्करी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने श्री गंगानगर के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

आयोग ने व्यापक और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, चिकित्सा अधिकारियों और फोरेंसिक एजेंसियों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को प्रभावी समन्वय के साथ मिलकर काम करने को कहा है। आयोग ने विशेष जांच दल द्वारा की गई जांच का भी संज्ञान लिया, जिसमें अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही, शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और समयबद्ध तरीके से जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट को 15 दिनों के भीतर जिले में संचालित सभी अपंजीकृत और अनधिकृत होटलों तथा प्रतिष्ठानों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है। आयोग ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से पीड़िता से संबंधित वीडियो और सामग्री को तत्काल हटा दें।